हजारीबाग में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य तेज, DC हेमंत सती ने नूरा मतदान केंद्र का औचक निरीक्षण कर परखी तैयारियां

Meenu | July 12, 2026 | 02:07 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : जिले में मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से चल रहे एसआईआर (SIR) के दूसरे चरण की समीक्षा तेज कर दी गई है। रविवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त हेमंत सती ने नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नूरा (वार्ड नंबर-3) मतदान केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता भी मौजूद रहे। उपायुक्त ने मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा किए जा रहे घर-घर गणना प्रपत्र वितरण और संग्रहण कार्य की जानकारी ली।

यह भी पढ़ें : आदित्यपुर में ऑनलाइन बेटिंग रैकेट का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, लैपटॉप-मोबाइल समेत कई उपकरण जब्त

समय सीमा को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का यह अभियान पूरी तरह समयबद्ध है। इसलिए कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और बीएलओ को निर्देश दिया कि सभी योग्य मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित की जाए और तय समय के भीतर प्रपत्र जमा कराने की प्रक्रिया पूरी की जाए।

DC ने मतदाता के घर पहुंचकर समझाई प्रक्रिया

निरीक्षण के बाद उपायुक्त स्वयं पुलिस लाइन स्थित स्थानीय मतदाता दिनेश कुमार के आवास पर पहुंचे। उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया को समझाया। इस दौरान उन्होंने बताया कि SIR प्रक्रिया मुख्य रूप से तीन चरणों में पूरी की जा रही है मतदाताओं के बीच गणना प्रपत्र का वितरण, मतदाताओं द्वारा प्रपत्र भरकर BLO को वापस जमा करना, BLO द्वारा प्राप्त जानकारी को ऑनलाइन पोर्टल पर डिजिटाइज करना। उपायुक्त ने जिले के सभी नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

29 जुलाई तक जमा होंगे गणना प्रपत्र

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि SIR का दूसरा चरण 30 जून से शुरू होकर 29 जुलाई तक चलेगा। उन्होंने कहा कि अभियान की अंतिम समय सीमा 30 जुलाई निर्धारित है। ऐसे में सभी मतदाताओं को समय रहते अपना गणना प्रपत्र जमा करना होगा। जिन लोगों को अब तक प्रपत्र नहीं मिला है, वे अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर प्रपत्र प्राप्त कर सकते हैं और उसे भरकर जमा कर सकते हैं।

कामकाजी लोगों के लिए समाहरणालय में विशेष व्यवस्था

शहरी क्षेत्र के कामकाजी लोगों और व्यवसायियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। नगर निगम क्षेत्र के सभी बीएलओ अब प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से रात 8:30 बजे तक समाहरणालय परिसर में कैंप करेंगे। मतदाता यहां पहुंचकर अपने बीएलओ की जानकारी ले सकेंगे, गणना प्रपत्र जमा कर सकेंगे, ऑनलाइन डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया पूरी करा सकेंगे। प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से फॉर्म जमा करने में होने वाली परेशानी कम होगी और डेटा अपडेट प्रक्रिया में तेजी आएगी।

Share this news

संबंधित खबरें