रांची नगर निगम बोर्ड बैठक: विकास, सुरक्षा और फंडिंग पर मंथन, 25 प्रस्तावों पर हुई चर्चा

Meenu | July 11, 2026 | 03:57 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : राजधानी रांची के विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर शनिवार को आयोजित नगर निगम परिषद (बोर्ड) की बैठक में विकास योजनाओं, कानून-व्यवस्था, वित्तीय संसाधनों और बुनियादी सुविधाओं को लेकर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में शहर के विकास से जुड़े 25 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने भविष्य की विकास योजनाओं के साथ सुरक्षा, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई मुद्दे उठाए।

यह भी पढ़ें : हजारीबाग के सभी सरकारी स्कूलों में होगी छात्रों की स्वास्थ्य जांच, 2026-27 में 100% स्क्रीनिंग का लक्ष्य

रांची को पायलट सिटी बनाने का सुझाव

बैठक में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रांची के सुनियोजित विकास पर जोर देते हुए इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ती आबादी को देखते हुए शहर की आधारभूत संरचना को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने प्रत्येक वार्ड में ओपन जिम स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा, ताकि स्थानीय स्तर पर लोगों को फिटनेस और स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू करने की मांग, फंडिंग को लेकर केंद्र पर सवाल

शहर में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए संजय सेठ ने रांची में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि चोरी, लूट और डकैती जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए मौजूदा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है। उनके अनुसार, कमिश्नर प्रणाली लागू होने से कानून-व्यवस्था में सुधार और महिलाओं की सुरक्षा को भी मजबूती मिल सकती है। राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने बैठक के दौरान कहा कि केंद्र सरकार की ओर से राज्य का बकाया भुगतान समय पर नहीं मिलने के कारण रांची की कई विकास परियोजनाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि लंबित राशि समय पर उपलब्ध कराई जाए तो शहर की विकास योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा सकता है।

बुनियादी सुविधाओं पर भी उठे सवाल

बैठक में पार्षदों ने शहर की बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी चिंता जताई। मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव जैसी व्यवस्थाओं में कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। पार्षदों ने नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और नगर निगम की कार्यप्रणाली में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक में मेयर रोशनी खलखो, उप-महापौर, विधायक सी.पी. सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सांसद महुआ माजी तथा नगर निगम के सभी 53 वार्डों के पार्षद उपस्थित रहे।

Share this news

संबंधित खबरें