Samachar Post रिपोर्टर,सिमडेगा : विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर सिमडेगा में शनिवार को जनसंख्या नियंत्रण और परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जागरूकता रैली निकाली गई। सदर अस्पताल परिसर से शुरू हुई इस रैली को सिविल सर्जन डॉ. सुंदर मोहन सामद ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां लोगों को ‘छोटा परिवार, स्वस्थ परिवार’ और जनसंख्या संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, एएनएम, स्वास्थ्यकर्मी और अन्य कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
यह भी पढ़ें : लोहरदगा के विकास पर CM हेमंत सोरेन से मिले धीरज प्रसाद साहू, BS कॉलेज क्रिकेट मैदान को आधुनिक बनाने पर चर्चा
परिवार नियोजन को बताया समय की जरूरत
रैली को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. सुंदर मोहन सामद ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या का सीधा प्रभाव प्राकृतिक संसाधनों, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और पर्यावरण पर पड़ता है। ऐसे में परिवार नियोजन को अपनाकर जनसंख्या वृद्धि पर नियंत्रण करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से जिम्मेदार अभिभावक बनने और परिवार नियोजन के उपलब्ध साधनों का उपयोग करने की अपील की।

एक माह तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
सिविल सर्जन ने बताया कि विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जिले में एक माह तक परिवार नियोजन और जनसंख्या नियंत्रण से जुड़े विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को परिवार नियोजन के साधनों, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा जिम्मेदार अभिभावक बनने के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जनभागीदारी से ही होगा जनसंख्या संतुलन
उन्होंने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण केवल सरकारी योजनाओं से संभव नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। जागरूकता और जनसहयोग से ही जनसंख्या संतुलन बनाए रखा जा सकता है, जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित होगा।

Reporter | Samachar Post

