Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले में जंगली हाथियों के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना विष्णुगढ़ प्रखंड के खरना पंचायत स्थित बारा गांव की है, जहां शुक्रवार रात हाथियों के झुंड ने एक ग्रामीण को कुचल दिया। घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान भुनेश्वर महतो के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9 बजे वह घर से शौच के लिए बाहर निकले थे। इसी दौरान गांव के पास घूम रहे जंगली हाथियों के झुंड से उनका सामना हो गया। हाथियों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें : पलामू पुलिस ने 27 नाबालिगों को कराया मुक्त, बिहार भेजने की थी तैयारी
हाथियों के डर से देर तक शव के पास नहीं पहुंच सके ग्रामीण
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन हाथियों का झुंड आसपास मौजूद होने के कारण काफी देर तक कोई भी शव के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। बाद में जब हाथी जंगल की ओर लौट गए, तब ग्रामीणों ने शव देखा और इसकी सूचना वन विभाग एवं स्थानीय प्रशासन को दी।

वन विभाग और प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
सूचना मिलने के बाद वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि रात के समय बिना जरूरी कारण घर से बाहर न निकलें और हाथियों की गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत विभाग को सूचना दें।
आसपास के गांवों में बढ़ा डर
घटना के बाद बारा गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से हाथियों का झुंड लगातार इलाके में घूम रहा है, जिससे रात के समय लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को सुरक्षित तरीके से आबादी वाले क्षेत्रों से जंगल की ओर खदेड़ने और मृतक के परिजनों को जल्द मुआवजा देने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और मानव-हाथी संघर्ष को रोकने के लिए स्थायी एवं प्रभावी उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Reporter | Samachar Post

