- सिंधीपाड़ा की घटना से इलाके में हड़कंप, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़ : पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह टप्पेबाजी की एक बड़ी घटना सामने आई है। मॉर्निंग वॉक से घर लौट रही एक महिला को दो बाइक सवार शातिरों ने अपने झांसे में लेकर उनके सोने के गहने ठग लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। घटना नगर थाना क्षेत्र के सिंधीपाड़ा स्थित जैन गली के समीप की बताई जा रही है। पीड़िता की पहचान मोनी लखमानी के रूप में हुई है, जो स्थानीय निवासी किशोर लखमानी की पत्नी हैं।
बातों में उलझाकर ठगों ने बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, मोनी लखमानी शुक्रवार सुबह करीब 7:40 बजे रोज की तरह मॉर्निंग वॉक कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान जैन गली के पास बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और बातचीत शुरू कर दी। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, दोनों युवकों ने बेहद चालाकी से महिला को अपनी बातों में उलझा लिया। कुछ ही देर में उन्होंने ऐसा भरोसा पैदा किया कि महिला उनके झांसे में आ गईं।
सोने की चेन और कंगन लेकर फरार
महिला के अनुसार, ठगों ने उन्हें बहला-फुसलाकर गले की सोने की चेन और हाथ में पहना सोने का कंगन उतरवा लिया। इसके बाद दोनों आरोपी तेजी से बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। घर पहुंचने के बाद जब महिला को ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। घटना की खबर मिलते ही परिवार और आसपास के लोगों में चिंता का माहौल बन गया। पीड़ित परिवार ने मामले की सूचना तत्काल नगर थाना पुलिस को दी। शिकायतकर्ता किशोर लखमानी ने बताया कि घटना से परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक आघात भी पहुंचा है। परिवार ने पुलिस को घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया है, जिसमें संदिग्ध युवक और उनकी बाइक दिखाई दे रही है।
यह भी पढ़ें: झारखंड राज्य ओलंपियाड-2026 का ऐलान, सरकारी स्कूलों के छात्रों को प्रतिभा दिखाने का मिलेगा बड़ा मंच

जांच में जुटी पुलिस
नगर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ-साथ आसपास के अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अजनबियों की बातों में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। खासकर सुबह की सैर या सार्वजनिक स्थानों पर अनजान लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

