Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची जिले के बुढ़मू अंचल से जुड़ी एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्रवाई में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने अंचल अधिकारी (CO) सचिदानंद कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई भूमि से जुड़े एक मामले में की गई है, जिसकी जांच एसीबी काफी समय से कर रही थी। जानकारी के अनुसार, एसीबी ने सबसे पहले बुढ़मू अंचल में कार्यरत रहे एक राजस्व कर्मचारी (हल्का कर्मचारी) से पूछताछ की थी। जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों और जानकारी के आधार पर अंचल अधिकारी सचिदानंद कुमार को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
भूमि संबंधी अनियमितताओं की आशंका
हालांकि एसीबी ने अभी तक आधिकारिक रूप से यह स्पष्ट नहीं किया है कि मामला किस भूमि विवाद या अनियमितता से जुड़ा है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जांच का केंद्र भूमि संबंधी प्रक्रियाओं और संभावित गड़बड़ियों पर है। एजेंसी मामले के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में अंचल अधिकारी के अलावा दो अन्य व्यक्तियों से भी पूछताछ की जा रही है। एसीबी की टीम सभी संबंधित दस्तावेजों और बयानों का मिलान कर रही है ताकि मामले की वास्तविकता सामने आ सके।

यह भी पढ़ें: पटना में अनंत सिंह के सरकारी आवास के पास युवक का शव बरामद, हाई-प्रोफाइल इलाके में हड़कंप
आगे की कार्रवाई पर टिकी नजर
सूत्रों का कहना है कि पूछताछ के दौरान यदि एसीबी को संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है या पर्याप्त साक्ष्य सामने आते हैं, तो आगे कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इसमें गिरफ्तारी जैसी कार्रवाई भी शामिल हो सकती है। फिलहाल एसीबी की जांच जारी है और एजेंसी की ओर से मामले को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

