Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :चर्चित डीडी बार हत्याकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा की गिरफ्तारी के लिए बिहार, पश्चिम बंगाल और दिल्ली सहित कई राज्यों में लगातार छापेमारी जारी है। इस बीच मृतक हिमांशु सिंह के परिजनों और भाजपा ने मामले की सीबीआई जांच की मांग तेज कर दी है।
यह भी पढ़ें :दिल्ली में झारखंड का डिजिटल विजन पेश करेंगे हेमंत सोरेन, रांची आईटी पार्क बनेगा निवेश का नया हब
मुख्य आरोपी की तलाश में कई राज्यों में छापेमारी
एसआईटी की टीम मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल की गिरफ्तारी के लिए लगातार विभिन्न राज्यों में दबिश दे रही है। पुलिस बिहार, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और झारखंड के कई जिलों में छापेमारी कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लुकआउट नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस ने इस मामले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि कुछ अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। बागबेड़ा इलाके से भी कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ हुई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अब तक सीधे तौर पर किसी का स्पष्ट संबंध हत्या से सामने नहीं आया है। अब तक इस केस में तीन नाबालिग समेत कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें से दो को जेल भेजा गया है, जबकि तीन नाबालिगों को रिमांड होम भेजा गया है।

घायल प्रत्युष सिंह की हालत गंभीर
घटना में घायल प्रत्युष सिंह का इलाज कोलकाता के अपोलो अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उसकी सुरक्षा को देखते हुए जमशेदपुर पुलिस के दो पदाधिकारियों को अस्पताल में तैनात किया गया है। डबल डाउन बार के संचालक और भाजपा नेता नीरज सिंह की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। उनके कार्यालयों और व्यावसायिक ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। चांडिल स्थित होटल हवाना में भी पुलिस ने छापेमारी कर सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारियों से पूछताछ की। नीरज सिंह की पत्नी ने पुलिस कार्रवाई के खिलाफ सीजेएम कोर्ट में अर्जी दाखिल की है, जिसमें बिना वारंट घर में तलाशी और दो कारें जब्त करने का आरोप लगाया गया है। उनकी जमानत याचिका पर अब 6 जुलाई को सुनवाई होगी।
परिजनों और भाजपा की CBI जांच की मांग
मृतक हिमांशु सिंह के पिता अरविंद सिंह ने मामले की सीबीआई जांच की मांग की है और जल्द ही हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि उनके एकमात्र बेटे की पुलिस की मौजूदगी में हत्या की गई, इसलिए उन्हें न्याय चाहिए। भाजपा ने भी चेतावनी दी है कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो पूरे झारखंड में आंदोलन किया जाएगा। पुलिस पर आरोप है कि फरार आरोपियों के परिजनों से पूछताछ कर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। कई परिजनों से पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच सभी कोणों से की जा रही है।

Reporter | Samachar Post

