अगले तीन दिन झारखंड में तेज बारिश, रांची समेत कई जिलों में अलर्ट

Rupa Kumari | September 3, 2025 | 12:23 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने बुधवार से शुक्रवार तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। रांची, पलामू, गुमला, गढ़वा, पूर्वी सिंहभूम और धनबाद समेत कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र ओडिशा की ओर बढ़ रहा है, जिससे पूरे राज्य में बारिश तेज हो गई है।

तापमान में गिरावट

बारिश की वजह से राज्य के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है। मंगलवार को रांची में तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से छह डिग्री कम है। गोड्डा में राज्य का सबसे अधिक तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

कहां कितनी हुई बारिश

पिछले 24 घंटों में झारखंड के कई जिलों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। जिला वर्षा (मिमी में),

पलामू – 78.4
गढ़वा – 59.0
गुमला – 49.1
पूर्वी सिंहभूम – 48.4
पाकुड़ – 32.0
धनबाद – 31.6
पश्चिमी सिंहभूम – 27.0
खूंटी – 26.8
बोकारो – 26.0
रांची -7.4

रांची में बारिश कम हुई, लेकिन अगले तीन दिनों में यहां भी भारी बारिश की संभावना है।

यह भी पढ़ें : सीएम के निर्देश पर कैंसर मरीज को स्वास्थ्य मंत्री ने की आर्थिक मदद, दिए 50 हजार

बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का असर

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव अगले 24 घंटों में ओडिशा से होते हुए झारखंड को प्रभावित करेगा। मानसून ट्रफ लाइन राजस्थान, मध्य प्रदेश और ओडिशा से गुजर रही है, जिसका असर सीधे झारखंड पर पड़ रहा है।

अगले तीन दिन भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मानसून ट्रफ और निम्न दबाव प्रणाली के कारण राज्य में रुक-रुक कर भारी बारिश होगी। ओडिशा के उत्तरी हिस्से में सक्रिय यह सिस्टम पूरे झारखंड में वर्षा की गतिविधि को बढ़ा रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें