Samachar Post डेस्क, रांची : देश में नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के मामले में असम ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के लागू होने के दो वर्ष बाद असम देश के शीर्ष प्रदर्शन करने वाले पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में शामिल हो गया है। इस सूची में हरियाणा, गोवा, पंजाब और चंडीगढ़ भी शामिल हैं।bनवीनतम राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश न्याय संहिता मूल्यांकन के अनुसार, असम ने नए आपराधिक न्याय ढांचे के तहत जांच, अभियोजन और मुकदमे की प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए आवश्यक डिजिटल बुनियादी ढांचे के विकास में महत्वपूर्ण प्रगति की है। राज्य ने आधुनिक तकनीकों और डिजिटल प्रणालियों को अपनाकर अपनी कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाया है।
इन मानकों पर किया गया मूल्यांकन
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का आकलन प्रशासनिक सुधार, परिचालन दक्षता, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) के उपयोग और विभिन्न संस्थाओं के बीच समन्वय जैसे मानकों के आधार पर किया गया। मूल्यांकन में असम का प्रदर्शन राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर पाया गया। गृह मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, राज्य ने पुलिसिंग के डिजिटलीकरण, साक्ष्य प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करने और पुलिस, अभियोजन, फोरेंसिक प्रयोगशालाओं तथा न्यायालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में लगातार काम किया है।

पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों को चुनौतियां
हालांकि असम ने इस क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में पहचान बनाई है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि पूर्वोत्तर के कुछ अन्य राज्यों को इंटरनेट कनेक्टिविटी और भौगोलिक चुनौतियों के कारण नए कानूनों के क्रियान्वयन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों ने बताया कि 26 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में से 23 ने राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन किया है, जो नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन में देशभर में हो रही प्रगति को दर्शाता है। उनका कहना है कि बेहतर समन्वय और तकनीकी नवाचारों को अपनाकर सुधारों को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: दुमका में वज्रपात से दो सगी बहनों की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़


Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

