Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची के सदर अस्पताल में कार्यरत NHM कर्मियों, नर्सों और ANM कर्मचारियों ने मंगलवार को वेतन नहीं मिलने के विरोध में सिविल सर्जन कार्यालय का घेराव किया। कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले पांच महीनों से उन्हें वेतन नहीं मिला है, जिससे आर्थिक संकट गहरा गया है। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई और जल्द भुगतान की मांग की।
यह भी पढ़ें :पटना में बनेगा देश का पहला इनडोर वनस्पति उद्यान, सिंगापुर की तर्ज पर होगा निर्माण
किराया और खाने के पैसे तक नहीं- ANM
प्रदर्शन में शामिल एक ANM ने कहा कि लगातार काम करने के बावजूद उन्हें वेतन नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि हालात इतने खराब हो गए हैं कि आने-जाने का किराया और खाने-पीने का खर्च निकालना भी मुश्किल हो रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि हर बार उन्हें सिर्फ आश्वासन दिया जाता है कि “आज मिलेगा” या “कल मिलेगा”, लेकिन पांच महीने बीत जाने के बाद भी वेतन का भुगतान नहीं हुआ। NHM कर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द वेतन जारी नहीं किया गया तो वे कार्य बहिष्कार करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि अब उनके पास आंदोलन के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है। कर्मचारियों का कहना है कि लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। प्रदर्शन में मौजूद एक जीएम ने भी कहा कि जरूरत पड़ने पर कार्यालय में ताला लगाकर कार्य बहिष्कार किया जाएगा।

अधिकारी ने दिया समाधान का भरोसा
घेराव के दौरान स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों से बातचीत की। अधिकारी ने आश्वासन दिया कि वे यह पता लगाएंगे कि वेतन किस स्तर पर रुका हुआ है और जल्द समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी। अधिकारी के आश्वासन के बाद फिलहाल स्वास्थ्यकर्मी अपने-अपने काम पर लौट गए हैं।
जल्द समाधान नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन
NHM कर्मियों ने साफ कहा है कि यदि जल्द वेतन भुगतान को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो वे आगे की रणनीति बनाकर बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि लगातार आर्थिक परेशानी के बावजूद वे अस्पताल की सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन अब उनकी सहनशीलता जवाब देने लगी है।

Reporter | Samachar Post

