पटना में बनेगा देश का पहला इनडोर वनस्पति उद्यान, सिंगापुर की तर्ज पर होगा निर्माण

Meenu | July 1, 2026 | 01:18 PM IST

Samachar Post डेस्क,पटना :पटना में देश का पहला इनडोर वनस्पति उद्यान बनने जा रहा है। बिहार राज्य पथ विकास निगम ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कार्ययोजना तैयार कर ली है और उद्यान निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति भी मिल चुकी है। यह इनडोर वनस्पति उद्यान जेपी गंगा पथ के किनारे बनाया जाएगा। सरकार का मानना है कि इस परियोजना से राज्य में पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। प्रस्तावित वनस्पति उद्यान को सिंगापुर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसका निर्माण करीब पांच एकड़ क्षेत्र में किया जाएगा। उद्यान चारों ओर और ऊपर से पूरी तरह बंद रहेगा। इसकी छत टेंपर्ड ग्लास या पारदर्शी प्लास्टिक से बनाई जाएगी, ताकि अंदर नियंत्रित वातावरण तैयार किया जा सके।

यह भी पढ़ें :औरंगाबाद में बड़ा हादसा: 20 स्कूली बच्चों से भरी वैन खाई में गिरी, 3 की हालत गंभीर

लगाए जाएंगे दुर्लभ और सजावटी पौधे

उद्यान को आकर्षक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए बड़ी संख्या में पेड़-पौधे लगाए जाएंगे। यहां एलोवेरा, जेड प्लांट और विभिन्न प्रकार के कैक्टस जैसे पौधों के साथ-साथ कई सजावटी और फूलों वाले पौधे भी लगाए जाएंगे। परिसर में घूमने और बैठने की विशेष व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि पर्यटक प्राकृतिक वातावरण का आनंद ले सकें।

पॉली हाउस भी बनेगा आकर्षण का केंद्र

वनस्पति उद्यान के पास पॉली हाउस का भी निर्माण किया जाएगा। इसे हरित गृह भी कहा जाता है, जहां पौधों को खराब मौसम, तेज धूप और कीटों से सुरक्षित रखकर नियंत्रित वातावरण में उगाया जाएगा। यहां देश और विदेशों के दुर्लभ पौधे लगाए जाने की योजना है, जो पर्यटकों और विद्यार्थियों के लिए खास आकर्षण बनेंगे।

विद्यार्थियों के लिए होगा उपयोगी

सरकार का कहना है कि यह वनस्पति उद्यान विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। यहां छात्र विभिन्न प्रकार के पेड़-पौधों और दुर्लभ वनस्पतियों को नजदीक से देख सकेंगे। इससे छात्रों में पर्यावरण और जैव विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी तथा पेड़-पौधों को लेकर उनकी समझ भी विकसित होगी। इस इनडोर वनस्पति उद्यान में प्रवेश के लिए पर्यटकों को टिकट लेना होगा। परियोजना पूरी होने के बाद यह पटना के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हो सकता है।

Share this news

संबंधित खबरें