Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : शहर के बक्सीडीह स्थित एक निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान युवक की मौत के बाद हंगामा खड़ा हो गया। मृतक की पहचान पचम्बा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 28 निवासी राज कुमार पासवान के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने क्लिनिक परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए चिकित्सकीय लापरवाही और अवैध रूप से क्लिनिक संचालन के आरोप लगाए।
हाथ में दर्द की शिकायत लेकर पहुंचा था युवक
परिजनों के मुताबिक राज कुमार पासवान को हाथ में दर्द की शिकायत थी, जिसके उपचार के लिए उन्हें क्लिनिक ले जाया गया था। आरोप है कि उपचार के दौरान दवा और इंजेक्शन दिए जाने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
एनके सिन्हा ने क्या कहा
मामले में एनके सिन्हा ने बताया कि मरीज हाथ में दर्द की शिकायत लेकर आया था और उसे प्राथमिक उपचार के तहत इंजेक्शन दिया गया था। उनका दावा है कि उपचार के बाद मरीज क्लिनिक के बाहर बैठा था, तभी उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।क्लिनिक के लाइसेंस संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि वह स्वयं को एमबीबीएस बताते हैं, हालांकि क्लिनिक का लाइसेंस नहीं होने की बात भी स्वीकार की।

सिविल सर्जन ने दिए जांच के आदेश
बच्चा सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एनके सिन्हा पंजीकृत चिकित्सक नहीं हैं और उनके द्वारा अवैध रूप से क्लिनिक संचालित किए जाने की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम को भी मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: शराब घोटाला जांच: पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने ईडी से मांगा तीन सप्ताह का समय
जांच के बाद होगा खुलासा
फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग दोनों स्तरों पर मामले की जांच जारी है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

