Samachar Post रिपोर्टर,आदित्यपुर :सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध बालू परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड बालू लदे एक हाइवा को जब्त किया है। वाहन को थाना परिसर में खड़ा कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे नियमित गश्त के दौरान टोल ब्रिज के पास एक संदिग्ध हाइवा दिखाई दिया। जांच के लिए वाहन को रोका गया तो उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी और उसमें निर्धारित क्षमता से अधिक बालू लदा हुआ था। आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि चालक से बालू के उठाव और परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। नंबर प्लेट और दस्तावेजों के अभाव में वाहन का परिवहन संदिग्ध पाया गया।
यह भी पढ़ें :हजारीबाग में सांप के काटने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत, तांत्रिक के झांसे में फंसे परिजन
खनन विभाग को दी गई सूचना
पुलिस ने हाइवा को जब्त कर आदित्यपुर थाना परिसर में रखा है और पूरे मामले की जानकारी जिला खनन विभाग को दे दी है। अब खनन विभाग के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद संबंधित कानूनों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post

