Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड के लिए गर्व की बात है कि रांची के युवा चिकित्सक डॉ. सृजन सिन्हा ने इटली के बोलोनिया शहर में आयोजित प्रतिष्ठित इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन पीडियाट्रिक रेस्पिरेटरी डिजीज में अपना शोध पत्र प्रस्तुत कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर राज्य का नाम रोशन किया है। उनका शोध पत्र दुनिया के विभिन्न देशों से प्राप्त शोध कार्यों में चयनित हुआ था। चिकित्सा क्षेत्र में यह उपलब्धि डॉ. सृजन की शोध क्षमता, समर्पण और अकादमिक उत्कृष्टता का प्रतीक मानी जा रही है। अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में शोध प्रस्तुत करना किसी भी युवा चिकित्सक के लिए बड़ी उपलब्धि माना जाता है।
एम्स ऋषिकेश में कर रहे हैं सुपर स्पेशियलिटी की पढ़ाई
वर्तमान में डॉ. सृजन सिन्हा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), ऋषिकेश में पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर और पीडियाट्रिक पल्मोनोलॉजी विषय में डीएम (सुपर स्पेशियलिटी) की पढ़ाई कर रहे हैं। चिकित्सा अनुसंधान और बाल स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनकी रुचि उन्हें लगातार नई उपलब्धियों की ओर ले जा रही है। डॉ. सृजन सिन्हा, रांची स्थित रानी हॉस्पिटल के निदेशक एवं प्रसिद्ध नवजात शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुमार के पुत्र हैं। उनकी इस सफलता से चिकित्सा जगत के साथ-साथ पूरे झारखंड में खुशी का माहौल है।

यह भी पढ़ें: हुल दिवस पर जामताड़ा में दिखेगा शक्ति प्रदर्शन, चंपाई सोरेन की मौजूदगी में निकलेगी भव्य बाइक रैली
युवा डॉक्टरों और छात्रों के लिए बने प्रेरणा
डॉ. सृजन की उपलब्धि राज्य के युवा डॉक्टरों और मेडिकल छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। यह सफलता बताती है कि कठिन परिश्रम, उच्च शिक्षा और शोध के प्रति समर्पण के बल पर वैश्विक स्तर पर भी पहचान बनाई जा सकती है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

