पलामू में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत से हड़कंप, भभूत मिले तेल के सेवन की आशंका; मेडिकल बोर्ड करेगा जांच

Rupa Kumari | June 29, 2026 | 12:01 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के एक गांव में पिछले दस दिनों के भीतर एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से सनसनी फैल गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। फिलहाल परिवार के दो अन्य सदस्यों का उपचार किया गया है और उनकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है।

खाद्य तेल में मिलावट या जहरीले तत्व की आशंका

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि परिवार द्वारा लंबे समय से इस्तेमाल किए जा रहे खाद्य तेल में किसी प्रकार का संदूषण या जहरीला तत्व मौजूद हो सकता है। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि परिवार कथित तौर पर एक ओझा द्वारा दिया गया भभूत तेल में मिलाकर सेवन कर रहा था। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौतों के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने और रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकेगी।

मेडिकल बोर्ड करेगा पूरे मामले की जांच

राज्य सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल बोर्ड से जांच कराने का निर्णय लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, खाद्य सामग्री के नमूनों और अन्य चिकित्सीय जांच के आधार पर मौत की वजह का पता लगाया जाएगा। विशेषज्ञों की टीम पूरे घटनाक्रम की वैज्ञानिक तरीके से पड़ताल करेगी।

स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में तैनात

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रभावित क्षेत्र में मेडिकल टीम भेजी गई है। गांव के अन्य लोगों की स्वास्थ्य जांच भी कराई जा रही है। साथ ही अस्पताल में भर्ती रहे मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रखी गई। जानकारी के अनुसार परिवार के मुखिया कृषक मंत्री का 19 जून को निधन हुआ था। इसके अगले दिन उनकी पत्नी की मौत हो गई। इसके बाद 26 जून को परिवार की नाबालिग बेटी ने भी दम तोड़ दिया। लगातार हो रही मौतों से पूरे गांव में भय और चिंता का माहौल है।\

यह भी पढ़ें: पलामू में कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक दुर्घटनाग्रस्त, युवक गंभीर रूप से घायल

दो सदस्यों की हालत में सुधार

परिवार की सदस्य लक्ष्मी देवी (52) और उनके 20 वर्षीय पुत्र नरेश मंत्री का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति में सुधार होने के बाद उन्हें सोमवार को घर भेज दिया गया। प्रशासन ने लोगों से अपुष्ट जानकारी और अफवाहों पर विश्वास नहीं करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें