Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :जिला उपायुक्त ने रविवार को डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त अस्पताल की तीसरी, चौथी, पांचवीं और छठी मंजिल के विभिन्न वार्डों में पहुंचे। छठी मंजिल पर भर्ती ब्रेन मलेरिया और अन्य मलेरिया मरीजों से उन्होंने सीधे बातचीत की। मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ ही उनके परिजनों से इलाज और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।
यह भी पढ़ें :जमीन विवाद में युवक को गोली मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, देसी कट्टा और कारतूस बरामद
अधिकारियों ने दी इलाज की जानकारी
निरीक्षण के दौरान एमजीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार और अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा भी मौजूद रहे। उन्होंने उपायुक्त को मरीजों के इलाज, अस्पताल की व्यवस्थाओं और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी दी। उपायुक्त ने बताया कि अस्पताल में भर्ती दो बच्चों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। वहीं अन्य मलेरिया मरीजों के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आवश्यक दवाओं की कोई कमी नहीं है और सभी मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

15 जुलाई तक जलापूर्ति व्यवस्था होगी दुरुस्त
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने बताया कि अस्पताल में चल रही जलापूर्ति संबंधी समस्या का समाधान किया जा रहा है और 15 जुलाई तक नियमित पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर सुविधा मिलेगी। उपायुक्त ने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों के इलाज, साफ-सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

Reporter | Samachar Post

