ईचागढ़ में जानलेवा हमले के 6 दिन बाद भी आरोपी फरार, पीड़ित परिवार ने गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग उठाई

Meenu | June 28, 2026 | 03:56 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला-खरसावां :ईचागढ़ थाना क्षेत्र के सालुकडीह गांव में 22 जून की रात हुए कथित जानलेवा हमले के छह दिन बाद भी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़ित परिवार ने रविवार को प्रेस वार्ता कर न्याय की गुहार लगाई। परिवार ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच, आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की।

यह भी पढ़ें :जामताड़ा: गोचर जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प, छह लोग घायल

पुरानी रंजिश में हमले का आरोप

पीड़ित परिवार के अनुसार, 22 जून की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच गांव के ही धीरेंद्र नाथ महतो ने पुरानी रंजिश के कारण राजेश महतो पर लोहे की रॉड से हमला किया। परिवार का आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी पत्नी सुमिला महतो और बेटियां अर्चना (15 वर्ष) तथा सुलोचना पर भी हमला किया गया। परिवार ने आरोपी की पत्नी पर भी मारपीट में शामिल होने का आरोप लगाया है। घायलों को पहले ईचागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर किया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए बाद में सभी को रांची स्थित रिम्स भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से परिवार में दहशत

पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के छह दिन बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे परिवार के सदस्य खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उनका आरोप है कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।

निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग

परिवार ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है, लेकिन अब तक उसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी केंद्रीय मंत्री संजय सेठ और डुमरी विधायक जयराम महतो सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को भी दी गई है। पीड़ित परिवार ने ईचागढ़ थाना पुलिस, जिला प्रशासन और राज्य सरकार से निष्पक्ष जांच, आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

ग्रामीणों ने भी की जल्द कार्रवाई की मांग

घटना को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में भी नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो लोगों का कानून-व्यवस्था पर भरोसा कमजोर होगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है.

Share this news

संबंधित खबरें