Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में गोचर जमीन पर कथित अतिक्रमण को लेकर रविवार सुबह दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में कुल छह लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोचर जमीन पर कब्जे को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते लाठी-डंडों और मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में एक पक्ष के पांचू मियां (70) और सलीम अंसारी (45) घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से जमीला बीबी (45), जहीर अंसारी (25), सुल्तान अंसारी (60) और समजाबीद अंसारी (20) घायल हुए। सभी घायलों का इलाज कराया गया है।
यह भी पढ़ें :रामगढ़: भूमि अधिग्रहण मुआवजा मामले में सीसीएल की चल संपत्ति कुर्क करने का अदालत का आदेश
अतिक्रमण को लेकर पहले से थी चर्चा
स्थानीय लोगों का कहना है कि गोचर जमीन पर कथित अतिक्रमण को लेकर लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। उनका आरोप है कि समय रहते प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण मामला हिंसक रूप ले बैठा।

पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना के बाद पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post

