Samachar Post रिपोर्टर,देवघर :झारखंड के देवघर जिले के कुशमडीह गांव में शनिवार को मुहर्रम जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जुलूस के दौरान ताजिया हाईटेंशन बिजली के तार के संपर्क में आ गया, जिससे करंट फैल गया और ताजिया उठा रहे नौ लोग झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें :झारखंड में नए आपराधिक कानूनों की समीक्षा, 1 जुलाई को होगी हाई लेवल बैठक
हाईटेंशन तार से टकराया ताजिया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुहर्रम जुलूस गांव से मेला स्थल की ओर जा रहा था। पांडेय दुकान के पास से गुजरते समय ताजिया ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली के तार से सट गया। तार के संपर्क में आते ही करंट फैल गया और ताजिया उठाए हुए लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेजा। हादसे में रजाउल अंसारी गंभीर रूप से झुलस गए हैं। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

प्रशासन और पुलिस मौके पर सक्रिय
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे तथा घायलों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने धार्मिक जुलूसों के मार्ग पर बिजली के तारों और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की आवश्यकता जताई है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

Reporter | Samachar Post

