Samachar Post रिपोर्टर, गुमला : झारखंड के गुमला जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। घाघरा थाना क्षेत्र के मनातू गांव में एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों के शव कुएं से बरामद किए गए हैं। मृतकों की पहचान 27 वर्षीय परदेशनी कुमारी, उनके पांच वर्षीय पुत्र अंश उरांव और चार वर्षीय पुत्री आशमानी कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, परदेशनी कुमारी पिछले करीब आठ महीनों से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही थीं और उनका इलाज रांची के कांके स्थित संस्थान में चल रहा था। बताया गया कि बुधवार दोपहर वह अपने दोनों बच्चों को लेकर घर के समीप स्थित कुएं की ओर गई थीं। काफी समय तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के सदस्यों ने उनकी तलाश शुरू की।
तलाशी के दौरान कुएं में मिले शव
परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास खोजबीन की। इसी दौरान महिला के पति जगन्नाथ उरांव ने कुएं में झांककर देखा, जहां पानी में कपड़ा दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से कुएं की तलाशी ली गई। खोजबीन के दौरान सबसे पहले बच्चे का शव मिला, जिसके बाद महिला और बच्ची के शव भी बाहर निकाले गए।
यह भी पढ़ें: बिहार में भूमिहीन परिवारों को मिलेगा घर बनाने के लिए जमीन, 15 अगस्त तक पूरा होगा लक्ष्य

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही घाघरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे मनातू गांव में शोक का माहौल है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण भी सदमे में हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

