रांची: सीएम हेमंत सोरेन का बड़ा ऐलान—डॉक्टरों को मिलेगा मेडिकल टूर, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर

Rupa Kumari | June 24, 2026 | 03:22 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नियुक्ति समारोह में स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने कहा कि राज्य के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को देश के प्रमुख अस्पतालों का मेडिकल टूर कराया जाएगा, ताकि वे वहां की कार्यप्रणाली, तकनीक और बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन को समझ सकें। रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के तहत चयनित 262 नवनियुक्त चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर उन्होंने सभी अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को बधाई दी।

“जनता के पैसे की जिम्मेदारी समझें” – सीएम

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी कर्मचारियों का वेतन जनता के पैसे से आता है, इसलिए हर कर्मचारी की जिम्मेदारी है कि वह पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ सेवा करे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए मानवीय संसाधनों का सही उपयोग बेहद जरूरी है।

सरकारी अस्पतालों पर बढ़ता दबाव

सीएम ने कहा कि अक्सर सरकारी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि सबसे अधिक मरीजों का भार भी इन्हीं अस्पतालों पर होता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि जैसे विभागों में लगातार भर्ती की जा रही है ताकि व्यवस्था को मजबूत किया जा सके। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि काम के दौरान गलतियां संभव हैं, लेकिन जरूरी है कि उनसे सीख लेकर सुधार किया जाए। उन्होंने कहा कि चयनित कर्मियों को अपने दायित्व से पीछे नहीं हटना चाहिए और पूरी निष्ठा के साथ जनता की सेवा करनी चाहिए।

यह भी पढ़ें: झारखंड में 765 स्कूल बनेंगे प्लस-टू, गांवों व दुर्गम इलाकों के छात्रों को मिलेगा लाभ

डॉक्टरों के लिए नई पहल

स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की दिशा में नई पहल का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि झारखंड के डॉक्टरों को AIIMS, अपोलो और अन्य बड़े अस्पतालों में भेजने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बेहतर चिकित्सा प्रबंधन, आधुनिक तकनीक और संसाधनों के उपयोग को समझना है, ताकि झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार डॉक्टरों के साथ मजबूती से खड़ी है और स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हर संभव सहयोग देगी।

Share this news

संबंधित खबरें