Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड की आपराधिक जांच एजेंसी सीआईडी की टीम बुधवार को रिम्स पहुंची और प्रवेश प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच शुरू कर दी। टीम एडमिशन से जुड़े दस्तावेजों, फाइलों और डिजिटल रिकॉर्ड की गहन पड़ताल कर रही है। जानकारी के अनुसार, सीआईडी अधिकारी पिछले वर्षों में हुए दाखिलों से संबंधित दस्तावेजों की बारीकी से समीक्षा कर रहे हैं। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं, वहीं प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
शिकायतों के बाद शुरू हुई कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, पिछले शैक्षणिक सत्र में हुए कुछ एडमिशन को लेकर अनियमितता और नियमों की अनदेखी की शिकायतें मिली थीं। आरोप है कि कुछ मामलों में निर्धारित मानकों और प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया। इन्हीं शिकायतों के आधार पर मामले की जांच सीआईडी को सौंपी गई है।
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर पूर्वी विधायक पूर्णिमा साहू की तबीयत बिगड़ी, TMH में भर्ती; रघुवर दास ने लिया स्वास्थ्य का जायजा

आधिकारिक बयान का इंतजार
फिलहाल सीआईडी अधिकारियों की ओर से जांच को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच एजेंसी सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई थी या नहीं। रिम्स में चल रही इस जांच पर शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों की नजर बनी हुई है। यदि अनियमितताओं की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

