Samachar Post डेस्क, रांची : अंतरराष्ट्रीय विधवा दिवस के अवसर पर मेदिनीनगर नगर भवन में विधवा सम्मान एवं पुनर्विवाह को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सामाजिक पहल के तहत चार जोड़ों का पुनर्विवाह संपन्न कराया गया, जिसने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। यह आयोजन संत मरियम स्कूल के चेयरमैन एवं पहल ट्रस्ट के अध्यक्ष अविनाश देव के नेतृत्व में किया गया, जिसमें विधवा महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और पुनर्विवाह को लेकर जागरूकता फैलाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का हुआ भव्य उद्घाटन
कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व विधानसभा अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी, उप विकास आयुक्त शादात अनवर, प्रोविजनल आईएएस ऋत्विक मेहता, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान, झामुमो जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिन्हा सहित कई गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।आयोजन के दौरान पहल ट्रस्ट के अध्यक्ष ने सभी अतिथियों को पौधा और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
चार पुनर्विवाह बने आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण चार विधवा महिलाओं का पुनर्विवाह रहा, जिसे सामाजिक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में विधवा महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुनर्विवाह जैसी पहलें सामाजिक रूढ़ियों को तोड़ने और महिलाओं को गरिमापूर्ण जीवन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
यह भी पढ़ें: BRC कर्मचारी को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते ACB ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया

सम्मान और जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित महिलाओं को साड़ी और पौधा भेंट किया गया। साथ ही उनके लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम का संचालन शालिनी श्रीवास्तव ने किया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के प्रयास समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने और महिला सम्मान को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

