रांची में युवक ने बार संचालक और स्टाफ पर जानलेवा हमले का लगाया आरोप, थाने में शिकायत दर्ज

Rupa Kumari | June 24, 2026 | 10:54 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी निवासी एक युवक ने शहर के एक बार संचालक और उसके कर्मचारियों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले में थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, मो. कमरान अपने एक दोस्त को लेने शहर स्थित एक बार एंड लाउंज पहुंचे थे। इसी दौरान वहां विवाद हो गया, जिसके बाद बार संचालक और कुछ कर्मचारियों पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि बार संचालक और स्टाफ के कुछ लोगों ने कथित तौर पर लाठी, डंडा, बेसबॉल बैट, लोहे की रॉड और कुर्सियों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

मेडिकल रिपोर्ट पुलिस को सौंपी

पीड़ित का कहना है कि पुलिस के निर्देश पर उन्होंने सदर अस्पताल में इलाज कराया और मेडिकल जांच रिपोर्ट भी संबंधित थाने में जमा कर दी है। उन्होंने दावा किया है कि पूरी घटना बार परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है, जिसकी जांच से सच्चाई सामने आ सकती है।शिकायत में बार प्रबंधन पर कुछ अन्य गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि बार में नियमों के उल्लंघन और देर रात तक संचालन जैसी गतिविधियां होती हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें: लंदन हाईकोर्ट में नीरव मोदी को बड़ा झटका, बैंक ऑफ इंडिया ने जीता 100 करोड़ रुपये से अधिक का दावा

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें