Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : समाहरणालय सभागार में मंगलवार को उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान बिना पूर्व सूचना के बैठक से अनुपस्थित रहने पर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता के खिलाफ उपायुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए शो-कॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। बैठक में ग्रामीण विकास, सिंचाई, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और राजस्व समेत तकनीकी एवं गैर-तकनीकी विभागों की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में आने वाली समस्याओं को समय रहते साझा कर उनका समाधान सुनिश्चित करें, लेकिन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। हाल के एक मामले का हवाला देते हुए उपायुक्त ने सर्वजन पेंशन योजना के लाभुकों के रिकॉर्ड का दोबारा सत्यापन कराने का निर्देश दिया। साथ ही डेटा की रैंडम जांच के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
विकास परियोजनाओं पर लिए गए अहम फैसले
बैठक में मिहिजाम थाना भवन निर्माण के लिए शहरी क्षेत्र में उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी और अंचल अधिकारी को दिया गया। वहीं नगर पंचायत जामताड़ा के नए भवन और मल्टीपर्पस हॉल निर्माण के लिए स्थल चयन की प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी दी गई। नवनिर्मित अनुमंडल कार्यालय में विभागों की शिफ्टिंग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने फर्नीचर और विद्युत कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। इसके अलावा बरबेंदिया पुल परियोजना से प्रभावित रैयतों के मुआवजा भुगतान में आ रही तकनीकी समस्याओं के समाधान और डीवीसी से समन्वय बढ़ाने को कहा गया।
यह भी पढ़ें: प्रेमी की रिहाई की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, प्रशासन के प्रयास जारी

छात्राओं की नियमित स्वास्थ्य जांच पर जोर
उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि जिले के सभी आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं की पाक्षिक और मासिक स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए। इसके लिए मेडिकल रिकॉर्ड संधारित करने और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने को कहा गया। बैठक में आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति तेज करने के लिए प्रभावी माइक्रोप्लान तैयार करने का निर्देश दिया गया। साथ ही 28 से 30 जून तक चलने वाले प्लस पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग को पूरी तैयारी के साथ कार्य करने को कहा गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अभियान के दौरान सभी लक्षित बच्चों तक पोलियोरोधी खुराक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

