Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :मिहिजाम थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है। मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा को सूचना मिली थी कि हांसीपहाड़ी रोड स्थित दो दुकानों में देर रात तक अवैध रूप से शराब और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की योजना बनाई।
यह भी पढ़ें :रांची से लापता इंटर की छात्रा का मुंबई में मिला सुराग, पुलिस जांच में प्रेम-प्रसंग की आशंका
रात में पुलिस ने की घेराबंदी
एसआई गुलशन कुमार सिंह के नेतृत्व में एएसआई राकेश कुमार और पुलिस बल ने रविवार रात करीब 10:30 बजे संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन टीम ने दोनों दुकानों की घेराबंदी कर तलाशी ली।
भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की। कार्रवाई में हांसीपहाड़ी निवासी जीतू बाउरी और नंदू यादव उर्फ नन्दलाल यादव को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, जीतू बाउरी के पास से मैकडॉवेल और इंपीरियल ब्लू ब्रांड की कुल 41 बोतलें बरामद हुईं। वहीं नंदू यादव के पास से इंपीरियल ब्लू और मैकडॉवेल ब्रांड की 55 बोतल शराब जब्त की गई।

मामला दर्ज, जांच जारी
दोनों आरोपियों के खिलाफ मिहिजाम थाना में मामला दर्ज किया गया है। कांड संख्या 41/26 के तहत दर्ज मामले की जांच एएसआई सुजान रेवानी को सौंपी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने लोगों से भी अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।

Reporter | Samachar Post

