Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड राज्यसभा चुनाव के बीच कांग्रेस नेता और मंत्री दीपीका पांडेय सिंह ने महागठबंधन की जीत को लेकर बड़ा दावा किया है। मतदान के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि महागठबंधन दोनों राज्यसभा सीटों पर अच्छे बहुमत से जीत दर्ज करेगा। दीपीका पांडेय सिंह ने कहा कि यह चुनाव राज्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और महागठबंधन पूरी तैयारी के साथ चुनाव मैदान में है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी विधायक एकजुट हैं और समय पर मतदान कर रहे हैं।
परिणाम आने पर सब स्पष्ट हो जाएगा
मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल कि महागठबंधन 56 से 61 वोट मिलने का दावा कर रहा है, इस पर दीपीका पांडेय सिंह ने विश्वास जताते हुए कहा कि परिणाम आने के बाद तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी। उन्होंने कहा, “महागठबंधन दोनों सीटों पर बहुत अच्छे बहुमत से जीत रहा है। आज शाम जब नतीजे आएंगे तो सब कुछ सामने आ जाएगा। हालांकि उन्होंने चुनाव मैदान में उतरे सभी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं भी दीं और कहा कि लोकतंत्र में चुनाव एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है।
दो राज्यसभा सीटों के लिए जारी है मतदान
झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए गुरुवार को मतदान हो रहा है। विधानसभा भवन में सुबह 9 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई, जो शाम 4 बजे तक चलेगी। इसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। राज्यसभा चुनाव को देखते हुए विधानसभा परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी विधायक अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं और राजनीतिक दल चुनावी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव: हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन ने डाला वोट, विधानसभा में जारी है मतदान

शाम तक आ सकते हैं नतीजे
मतदान समाप्त होने के बाद मतों की गिनती की जाएगी और देर शाम तक दोनों सीटों के परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है। चुनाव परिणाम को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की निगाहें मतगणना पर टिकी हुई हैं। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, इस चुनाव के नतीजे झारखंड की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और गठबंधन की मजबूती का भी संकेत देंगे।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

