Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस में रखी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा, रख-रखाव एवं संरक्षण व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयरहाउस की संपूर्ण व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को चुनाव आयोग के निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
EVM और VVPAT मशीनों की स्थिति की जांच
डीसी ने वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की भौतिक स्थिति, स्टोरेज व्यवस्था और सुरक्षा उपायों का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही मशीनों से संबंधित दस्तावेजों एवं अभिलेखों के रख-रखाव की भी समीक्षा की गई, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित बनी रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मशीनों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़ें: NDA विधायकों के बयानों पर मंत्री दीपक बिरुआ का हमला, बोले- जुमलेबाजी ने भाजपा को हाशिए पर पहुंचाया
CCTV, कंट्रोल रूम और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयरहाउस परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, कंट्रोल रूम की निगरानी व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, अग्निशमन उपकरणों और सुरक्षा बलों की तैनाती का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी सुरक्षा प्रणालियों को हर समय सक्रिय और सुचारू रखने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी परिस्थिति में सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो। उपायुक्त ने वेयरहाउस की सुरक्षा में तैनात सशस्त्र बलों को 24 घंटे सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया। साथ ही अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग की मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) और दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।

लोकतांत्रिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता के लिए सुरक्षा जरूरी
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नियमित निरीक्षण और मजबूत त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के माध्यम से चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा रही है। निरीक्षण के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

