झारखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

Rupa Kumari | June 17, 2026 | 11:11 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में पिछले कुछ दिनों से मॉनसून की रफ्तार धीमी पड़ने के कारण लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मौसम के फिर से सक्रिय होने की संभावना जताई है। राज्य के कई जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

आज इन जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र ने 17 जून के लिए रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़ और बोकारो जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में दोपहर के बाद 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की भी संभावना है। वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में बादल छाए रहने के बावजूद बारिश की संभावना कम है।

19 जून से 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने 19 जून से मौसम गतिविधियों में और तेजी आने का अनुमान जताया है। इसे देखते हुए रांची समेत 17 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज और गोड्डा शामिल हैं। पूर्वानुमान के मुताबिक 19 जून से अगले तीन दिनों तक इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। इसके साथ गरज-चमक और रुक-रुक कर बारिश होने की भी संभावना है।

यह भी पढ़ें: रिम्स में वाहन बिल भुगतान घोटाले का खुलासा, बाइक नंबर पर पास हुए कार और बस के बिल

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। वज्रपात की आशंका को देखते हुए अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। राज्य में मॉनसून की सक्रियता कम होने का असर तापमान पर भी देखने को मिला है। कई जिलों में अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर में 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं रांची में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जमशेदपुर और चाईबासा में 39.4 डिग्री सेल्सियस तथा बोकारो में 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

बारिश का इंतजार, कांके में हुई हल्की बूंदाबांदी

मंगलवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश नहीं हुई। केवल कांके क्षेत्र में करीब एक मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बारिश नहीं होने और तेज धूप के कारण लोगों को दिनभर उमस और गर्मी से जूझना पड़ा। मौसम विभाग का अनुमान है कि 22 जून तक झारखंड के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान वर्षा गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी और मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो सकता है।

Share this news

संबंधित खबरें