Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिले में एक भीषण अग्निकांड ने पोल्ट्री व्यवसायी को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया है। रमना थाना क्षेत्र के भागोडीह गांव स्थित छतवा टोला में एक पोल्ट्री फार्म में लगी आग से करीब 1500 देशी मुर्गियां जिंदा जल गईं। आग की चपेट में आने से मोटरसाइकिल, मुर्गियों का दाना और अन्य सामान भी जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार यह घटना देर रात हुई, जब अधिकांश ग्रामीण अपने घरों में सो रहे थे। अचानक पोल्ट्री फार्म से उठती आग की लपटों को देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते आग ने पूरे फार्म को अपनी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों ने किया आग बुझाने का प्रयास
स्थानीय ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि फार्म में मौजूद अधिकांश सामान को बचाया नहीं जा सका। हालांकि ग्रामीणों की तत्परता से आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
यह भी पढ़ें: जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता की सदस्यता पर संकट, 16 जून को होगी अंतिम सुनवाई
लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक
पोल्ट्री फार्म संचालक तैयब अंसारी ने बताया कि फार्म में करीब 1500 देशी मुर्गियां पाली जा रही थीं, जो आग में जलकर मर गईं। इसके अलावा परिसर में खड़ी एक मोटरसाइकिल भी पूरी तरह नष्ट हो गई। उन्होंने बताया कि मुर्गियों के लिए रखा गया लगभग 20 हजार रुपये का दाना भी आग में जल गया। इस अग्निकांड से उन्हें लाखों रुपये के नुकसान का सामना करना पड़ा है।

आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी खराबी के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन और स्थानीय स्तर पर मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में चिंता का माहौल है। पीड़ित तैयब अंसारी ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजे की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मामले की जांच कर प्रभावित परिवार को जल्द राहत प्रदान करने की अपील की है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
