गढ़वा में 48 घंटे में डूबने से 2 लोगों की मौत, सुखलदारी वाटरफॉल से 20 घंटे बाद मिला युवक का शव

Rupa Kumari | June 8, 2026

Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिले में बारिश से पहले ही जलस्रोतों में डूबने की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। पिछले 48 घंटे में जिले में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक का माहौल है। दोनों मामलों में स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से शवों को बाहर निकाला गया। पहली घटना धुरकी थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध सुखलदारी वाटरफॉल की है, जहां दोस्तों के साथ घूमने और नहाने पहुंचे एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद युवक अचानक पानी में लापता हो गया। सूचना मिलने पर स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब 18 से 20 घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव पानी से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

तालाब में नहाने के दौरान 10 वर्षीय बच्चे की मौत

दूसरी घटना मेराल थाना क्षेत्र के हासनदाग गांव की है, जहां सधवा आहर तालाब में नहाने के दौरान 10 वर्षीय सुजीत चौधरी की डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि सुजीत अपने दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गया था, जहां वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। जब बच्चे घर लौटने लगे तो सुजीत लापता मिला, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। परिजनों और ग्रामीणों ने तालाब में खोजबीन कर बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

यह भी पढ़ें: जामताड़ा-आसनसोल रेलखंड पर सुरक्षा को लेकर चिंता, कई स्लीपर क्षतिग्रस्त होने का दावा

गांव में मातम, सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

दोनों घटनाओं के बाद गांव और इलाके में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और बड़ी संख्या में लोग शोकाकुल परिवारों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। इन घटनाओं ने एक बार फिर जलाशयों, नदी और झरनों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता की जरूरत को उजागर किया है।

Share this news

संबंधित खबरें