Samachar Post रिपोर्टर, पश्चिमी सिंहभूम : जिले के जराईकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत सागजोड़ी गांव में एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोर की जान चली गई। कुएं में डूबने से हुई इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान शंकर भूमिज के पुत्र हरीश भूमिज के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार हरीश अपनी छोटी बहन के साथ गांव के एक कुएं में नहाने गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर परिजनों और ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई।
ग्रामीणों ने चलाया बचाव अभियान
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किशोर की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद उसे कुएं से बाहर निकाला गया। इसके बाद तत्काल स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: अस्पताल में खड़गे ने की इरफान अंसारी से मुलाकात, बोले स्वास्थ्य मंत्री- कठिन समय में मिला नया हौसला
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने पर जराईकेला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। किशोर की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।