Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : झारखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल तिलैया डैम में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बिहार से दोस्तों के साथ घूमने आए एक इंजीनियर की नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतक के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान बिहार के बोधगया निवासी अविनाश शर्मा (32 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पेशे से इंजीनियर थे और अपने छह दोस्तों के साथ तिलैया डैम घूमने आए थे। बताया जा रहा है कि सभी दोस्त पिकनिक मनाने और पर्यटन के उद्देश्य से कोडरमा पहुंचे थे।
नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबे
जानकारी के अनुसार, अविनाश अपने दो दोस्तों के साथ डैम में नहाने उतरे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए। साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना के बाद दोस्तों ने शोर मचाकर स्थानीय लोगों और प्रशासन को सूचना दी।
यह भी पढ़ें: झारखंड राज्यसभा चुनाव 2026: कांग्रेस ने भूपेश बघेल और अजय शर्मा को बनाया पर्यवेक्षक
एक घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही तिलैया डैम ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान शुरू किया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद अविनाश शर्मा को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में मातम छा गया। वहीं उनके साथ आए दोस्त भी गहरे सदमे में हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर पहले सभी दोस्त हंसी-खुशी समय बिता रहे थे, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने पूरे माहौल को गमगीन बना दिया।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
तिलैया डैम झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है, जहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। हालांकि गहरे पानी और लापरवाही के कारण यहां डूबने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। प्रशासन लगातार पर्यटकों से सतर्कता बरतने की अपील करता रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।