बाइक जब्त होने से नाराज युवक ने सड़क पर लगाया बैरिकेड, टेल्को में घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा

Rupa Kumari | June 4, 2026

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अपनी बाइक जब्त किए जाने के विरोध में सड़क पर बैरिकेडिंग लगाकर धरने पर बैठ गया। विरोध प्रदर्शन के कारण टेल्को प्लाजा रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया।

नंबर प्लेट नहीं होने पर जब्त हुई बाइक

प्रकाश नगर निवासी संतोष सिंह का आरोप है कि बुधवार देर रात वह टेल्को प्लाजा से अपनी स्प्लेंडर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने उसे रोक लिया। पुलिस ने बाइक के पीछे नंबर प्लेट नहीं होने का हवाला देते हुए वाहन जब्त कर लिया और उसे टेल्को थाना ले जाया गया। संतोष का कहना है कि बाइक का मडगार्ड टूट जाने के कारण उसने उसे घर पर रख दिया था, जिसके साथ नंबर प्लेट भी लगी हुई थी। बावजूद इसके पुलिस ने उसकी बात नहीं सुनी। युवक का आरोप है कि उसे बताया गया कि 10 हजार रुपये का चालान जमा करने के बाद ही बाइक छोड़ी जाएगी। संतोष ने कहा कि वह एक सामान्य मजदूर है और इतनी बड़ी राशि एकमुश्त जमा करना उसके लिए संभव नहीं है।

सड़क पर बैठकर किया विरोध प्रदर्शन

पुलिस कार्रवाई से नाराज संतोष गुरुवार सुबह टेल्को प्लाजा रोड पहुंचा और बैरिकेडिंग लगाकर धरने पर बैठ गया। वह अपने साथ बाइक के दस्तावेज भी लेकर आया था। कुछ ही देर में सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई और यातायात प्रभावित होने लगा। स्थानीय लोगों ने युवक को सड़क जाम करने के बजाय कानूनी और संवैधानिक तरीके से अपनी बात रखने की सलाह भी दी।

टाइगर मोबाइल टीम ने संभाला मोर्चा

मामले की सूचना मिलने के बाद टाइगर मोबाइल टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने युवक से बातचीत कर उसे समझाया और आवश्यक दस्तावेजों के साथ थाना आने को कहा। पुलिस की ओर से आश्वासन दिया गया कि यदि वाहन के वैध कागजात और नंबर प्लेट संबंधी स्थिति स्पष्ट हो जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद संतोष सिंह ने सड़क से बैरिकेडिंग हटाई और अपना धरना समाप्त कर दिया। इसके साथ ही टेल्को प्लाजा रोड पर यातायात फिर से सामान्य हो गया।

यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर अस्पताल अग्निकांड में 4 की मौत, स्वास्थ्य मंत्री बोले- दोषियों पर होगी कार्रवाई

पुलिस का बयान नहीं आया सामने

घटना को लेकर फिलहाल पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि कुछ समय तक चले इस विरोध प्रदर्शन ने इलाके में चर्चा का विषय जरूर बना दिया।

Share this news

संबंधित खबरें