गिरिडीह में महिला से चेन स्नैचिंग, घर के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने छीनी सोने की चेन

Rupa Kumari | June 4, 2026

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : नगर थाना क्षेत्र के न्यू बरगंडा मोहल्ले में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना से लोगों में दहशत का माहौल है। बाइक सवार दो बदमाशों ने घर के बाहर पहुंची एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, न्यू बरगंडा निवासी विजय सिंह की पत्नी शांति देवी अपने एक रिश्तेदार के घर से लौट रही थीं। रिश्तेदार का घर उनके आवास से करीब 500 मीटर की दूरी पर है। जैसे ही वह पैदल चलकर अपने घर के मुख्य दरवाजे के पास पहुंचीं, पीछे से बाइक पर सवार दो युवक तेजी से आए। पीड़िता ने बताया कि बाइक के पीछे बैठे युवक ने अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। घटना इतनी तेजी से हुई कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए।

शोर सुनकर जुटे लोग

घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन तब तक आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे। सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।

यह भी पढ़ें: नवादा में 6 जून को रोजगार मेला, शिक्षक पदों पर भर्ती का सुनहरा अवसर

3.36 लाख रुपये से अधिक की बताई जा रही चेन

पीड़िता के मुताबिक छीनी गई सोने की चेन की कीमत करीब 3.36 लाख रुपये से अधिक है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके के लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।

Share this news

संबंधित खबरें