– विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर राज्यस्तरीय कार्यशाला, 1,680 स्कूलों में चलाया गया जागरूकता अभियान
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड की ओर से राज्य स्तरीय कार्यशाला सह उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तंबाकू नियंत्रण गतिविधियों को और प्रभावी बनाने, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने तथा तंबाकू मुक्त झारखंड के निर्माण के लिए सामूहिक भागीदारी पर जोर दिया गया। आईपीएस सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि झारखंड में हर वर्ष लगभग 35 से 40 हजार कैंसर मरीजों की पहचान होती है। इनमें 40 से 45 प्रतिशत मरीज मुख कैंसर से पीड़ित होते हैं और इसके पीछे तंबाकू सेवन सबसे बड़ा कारण है।
उन्होंने कहा कि समय रहते जागरूकता और रोकथाम के माध्यम से इस चुनौती पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि तंबाकू नियंत्रण केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसे समाजव्यापी अभियान का स्वरूप देना होगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहिया, एएनएम, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
राज्यभर में जागरूकता अभियान
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि राज्य के 1,680 स्कूलों में तंबाकू जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस, शिक्षा और अन्य विभागों के सहयोग से 282 प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए गए। इसके अलावा पूरे राज्य में 2.08 लाख से अधिक लोगों की तंबाकू त्याग परामर्श (टीटीसी काउंसिलिंग) की गई, जबकि 43,308 लोगों को फार्माकोथेरेपी सुविधा उपलब्ध कराई गई।
विशेषज्ञों ने बताए तंबाकू के खतरे
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित तकनीकी सत्रों में रिम्स की अतिरिक्त प्राध्यापक डॉ. अर्पिता राय ने तंबाकू सेवन से होने वाले मुख कैंसर, उसकी शुरुआती पहचान और रोकथाम पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नशे के मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) और सहियाओं को भी प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें नशामुक्ति परामर्श, व्यवहार परिवर्तन और समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने की रणनीतियों पर चर्चा हुई।
यह भी पढ़ें : जामताड़ा में अवैध वसूली का आरोप, नगर पंचायत अध्यक्ष के पति के खिलाफ DC को सौंपा गया ज्ञापन
हेल्पलाइन और नशामुक्ति सेवाओं की जानकारी
कार्यक्रम में उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों, अधिकारियों और प्रतिभागियों को राष्ट्रीय तंबाकू त्याग हेल्पलाइन 1800-11-2356, मैत्री क्लीनिक तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से उपलब्ध निःशुल्क परामर्श और उपचार सेवाओं की जानकारी दी गई। अंत में सभी प्रतिभागियों को तंबाकू निषेध की शपथ दिलाई गई और तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया।