Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा: शहर में सार्वजनिक स्थलों की बंदोबस्ती और कथित अवैध वसूली को लेकर नया विवाद सामने आया है। स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों ने नगर पंचायत अध्यक्ष के पति तरुण कुमार गुप्ता तथा उनके कुछ सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से मामले की जांच की मांग की है। सोमवार को शहर के कई नागरिकों और व्यापारियों ने जिला उपायुक्त (DC) से मुलाकात कर एक लिखित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बस स्टैंड, टेंपो-ट्रैकर स्टैंड और विभिन्न बाजार क्षेत्रों में कथित अनियमितताओं तथा अवैध वसूली का आरोप लगाया गया है।
बंदोबस्ती प्रक्रिया पर उठाए सवाल
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जामताड़ा बस स्टैंड और टेंपो-ट्रैकर स्टैंड की बंदोबस्ती निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं की गई। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव रहा और नियमों की अनदेखी की गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बंदोबस्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: एआई के दौर में भी डॉक्टर की सबसे बड़ी पहचान उसकी संवेदनशीलता है : राज्यपाल
दुकानदारों से जबरन वसूली का आरोप
नागरिकों ने आरोप लगाया है कि शहर के विभिन्न बाजार क्षेत्रों, जिनमें बकरा-बकरी हटिया, पुराना हटिया, बस स्टैंड परिसर और गांधी मैदान के आसपास लगने वाले बाजार शामिल हैं, वहां छोटे दुकानदारों और फुटपाथ व्यवसायियों से कथित तौर पर जबरन पैसे वसूले जा रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि इस कारण छोटे व्यापारियों और वाहन चालकों को आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन के माध्यम से उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और कथित अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है। नागरिकों ने प्रशासन से यह भी आग्रह किया है कि नगर क्षेत्र में पारदर्शी और न्यायसंगत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों और छोटे व्यवसायियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिक
उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने के दौरान गौर बाउरी, चांद मोहन दत्ता, पप्पू चौधरी समेत शहर के कई गणमान्य नागरिक और स्थानीय लोग मौजूद रहे। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब लोगों की नजर जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।