Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद: धनबाद जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर उसकी बाइक लूट ली। घायल युवक अपनी प्रेमिका से मिलने देवघर जा रहा था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बोकारो जिले के दुग्धा निवासी रवि अपने दोस्त दिवाकर के साथ सोमवार सुबह करीब तीन बजे बाइक से देवघर जा रहा था। दोनों तोपचांची बाजार के समीप एनएच की सर्विस रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।
पहले हवाई फायरिंग, फिर पैर में मारी गोली
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले हवाई फायरिंग कर दोनों युवकों को डराने की कोशिश की। अचानक हुई गोलीबारी से घबराकर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इस दौरान दिवाकर किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, लेकिन रवि अपराधियों के कब्जे में आ गया। अपराधियों ने रवि के पैर में दो गोलियां मार दीं और उसकी पल्सर बाइक लेकर फरार हो गए। बदमाशों के भागने के बाद दिवाकर वापस घटनास्थल पर पहुंचा और पुलिस को मामले की सूचना दी।
यह भी पढ़ें: इंटर के बाद बढ़ी एडमिशन की चिंता, रांची यूनिवर्सिटी में 4 हजार सीटें घटने की आशंका
अस्पताल में चल रहा इलाज
सूचना मिलते ही तोपचांची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रवि को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) भेजा। चिकित्सकों के अनुसार युवक की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उसका उपचार जारी है। रवि के दोस्त दिवाकर ने पुलिस को बताया कि दोनों देवघर जा रहे थे, तभी रास्ते में बाइक सवार अपराधियों ने पीछा करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। बाइक गिरने के बाद बदमाशों ने रवि को गोली मार दी और उसकी बाइक लूटकर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज के सहारे जांच
घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एनएच और सर्विस रोड पर हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को रात के समय गश्त बढ़ानी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।