Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :जिले के चर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। न्यायालय के निर्देश पर मामले में नामजद चार आरोपियों के आवास पर इश्तेहार चस्पा किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी लंबे समय से फरार हैं और अदालत में उपस्थित नहीं हो रहे थे। जानकारी के अनुसार, फरार आरोपियों में प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल, राकेश तिवारी, रोशन तिवारी और प्रशांत तिवारी शामिल हैं। न्यायालय द्वारा जारी आदेश के अनुपालन में पुलिस टीम आरोपियों के घर पहुंची और विधिवत इश्तेहार चस्पा किया। इश्तेहार के माध्यम से आरोपियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। पुलिस ने बताया कि यदि आरोपी तय अवधि में आत्मसमर्पण नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, अगली प्रक्रिया के तहत संपत्ति कुर्की जैसी कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
यह भी पढ़ें :दुमका में अनियंत्रित हाइवा ने मचाई तबाही, पेड़ तोड़ते हुए घर में घुसा वाहन
गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और तकनीकी माध्यमों से भी आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के दायरे में लाया जाएगा।
अपहरण के बाद हत्या की आशंका
जांच के दौरान यह आशंका जताई जा रही है कि विनीत तिवारी का पहले अपहरण किया गया और उसके बाद उनकी हत्या की गई। पुलिस के अनुसार घटना को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि मामले के कई पहलुओं की जांच अभी जारी है और पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और घटनाक्रम को लेकर अधिक स्पष्ट जानकारी सामने आ सकती है।
पुलिस ने लोगों से मांगी सहयोग की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि फरार आरोपियों के संबंध में किसी के पास कोई जानकारी हो तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। अधिकारियों का कहना है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। विनीत तिवारी हत्याकांड को लेकर जिले में लगातार चर्चा बनी हुई है और पुलिस मामले के जल्द खुलासे का दावा कर रही है।
Reporter | Samachar Post