Samachar Post रिपोर्टर,रांची :राजधानी रांची से एक दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। रिम्स के सर्जरी विभाग में पोस्ट ग्रेजुएट प्रथम वर्ष के छात्र डॉ. सानु सनल बरवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव शहर के कटहल मोड़ स्थित एक मकान से बरामद किया गया है। घटना के बाद रिम्स परिसर और चिकित्सा जगत में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को कटहल मोड़ के पास स्थित एक मकान में डॉ. सानु का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों पर स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।
यह भी पढ़ें :रांची DC का बड़ा एक्शन: 233 प्राचार्यों और 215 शिक्षकों का वेतन रोका, ई-विद्यावाहिनी ऐप पर अनुपस्थिति पड़ी भारी
पूर्व स्वास्थ्य निदेशक के पुत्र थे डॉ. सानु
डॉ. सानु सनल बरवार झारखंड स्वास्थ्य विभाग के पूर्व निदेशक डॉ. हिमांशु शेखर के पुत्र थे। उनका परिवार रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े लोगों के अनुसार, डॉ. सानु एक मेधावी छात्र थे और रिम्स के सर्जरी विभाग में पीजी की पढ़ाई कर रहे थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार, मित्रों और मेडिकल समुदाय को गहरा आघात पहुंचा है।
रिम्स में शोक और चिंता का माहौल
घटना की जानकारी मिलते ही रिम्स के छात्रों और डॉक्टरों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। मेडिकल कॉलेज परिसर में पूरे दिन इस घटना को लेकर चर्चा होती रही। गौरतलब है कि हाल के दिनों में रिम्स से जुड़े छात्रों की मौत की यह दूसरी घटना बताई जा रही है। इससे संस्थान के छात्रों और चिकित्सकों के बीच चिंता का माहौल भी बना हुआ है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, परिस्थितियों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजन और परिचित अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि डॉ. सानु सनल बरवार की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
Reporter | Samachar Post