Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला-खरसावां: जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित पम्मी धर्मकांटा के पास हाईटेंशन बिजली तार के संपर्क में आने से एक लॉजिस्टिक कंटेनर में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा कंटेनर जलकर खाक हो गया। हादसे में चालक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
वजन कराने जा रहा था कंटेनर
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह एक भारी लॉजिस्टिक कंटेनर वजन कराने के लिए पम्मी धर्मकांटा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार से कंटेनर का ऊपरी हिस्सा छू गया। संपर्क होते ही तेज चिंगारी निकली और देखते ही देखते कंटेनर में आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। कंटेनर से उठती आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।
यह भी पढ़ें: झारखंड कांग्रेस में प्रवक्ताओं की नियुक्ति 6 माह की प्रोबेशन पर, प्रदर्शन के बाद होगा अंतिम चयन
चालक को बाहर निकालने में लोगों ने दिखाई बहादुरी
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को वाहन से बाहर निकलने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने साहस का परिचय देते हुए गंभीर रूप से झुलसे चालक को कंटेनर से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कुछ मिनट और देरी होती तो चालक की जान बचाना मुश्किल हो सकता था।
दमकल की टीम ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कंटेनर को भारी नुकसान हो चुका था। आग बुझाने के दौरान कुछ समय के लिए इलाके में यातायात भी प्रभावित रहा। सुरक्षा कारणों से आसपास के लोगों को मौके से दूर रखा गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह हाईटेंशन तार के संपर्क में आना बताया जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी अब यह भी जांच कर रहे हैं कि सड़क के ऊपर से गुजर रहे बिजली तार की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप थी या नहीं और सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। घटना को लेकर लोगों में बिजली सुरक्षा व्यवस्था और औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।