9 महीने का इंतजार खत्म: झारखंड के 10 हजार सहायक आचार्यों को जून के पहले सप्ताह से मिलेगा वेतन

Rupa Kumari | May 29, 2026 | 10:47 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड के करीब 10 हजार नवनियुक्त सहायक आचार्यों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लगभग नौ महीने से वेतन का इंतजार कर रहे शिक्षकों को अब जल्द ही भुगतान मिलने वाला है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने वेतन भुगतान की प्रक्रिया तेज कर दी है। जानकारी के मुताबिक, जून के पहले सप्ताह से सहायक आचार्यों के खातों में वेतन भेजने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। ये शिक्षक पिछले कई महीनों से राज्य के प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें वेतन नहीं मिल पाया था।

प्रमाणपत्र सत्यापन के कारण अटका था वेतन

दरअसल, इन सहायक आचार्यों की नियुक्ति झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से हुई थी। नियुक्ति के बाद शिक्षकों के शैक्षणिक और अन्य प्रमाणपत्रों का सत्यापन पूरा नहीं हो पाया था, जिसके कारण वेतन भुगतान की प्रक्रिया लंबित थी। हाल ही में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की समीक्षा बैठक में यह मामला मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सामने रखा गया। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रमाणपत्र सत्यापन कराना विभाग की जिम्मेदारी है, न कि शिक्षकों की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि शिक्षक नियमित रूप से विद्यालयों में कार्य कर रहे हैं, तो उनका वेतन हर हाल में शुरू किया जाना चाहिए।

मई में सभी प्रक्रियाएं पूरी करने का निर्देश

मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रमाणपत्र सत्यापन समेत सभी लंबित प्रक्रियाओं को मई माह के भीतर पूरा किया जाए और वेतन भुगतान में किसी तरह की देरी न हो। इसके बाद शिक्षा विभाग ने सभी जिलों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें: चान्हो घटना पर भाजपा जांच कमेटी ने सौंपी रिपोर्ट, दोषियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग

पहली बार बना है सहायक आचार्य का नया कैडर

गौरतलब है कि झारखंड के प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में पहली बार सहायक आचार्य के रूप में नया कैडर बनाया गया है। पहले चरण में करीब 10 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। हाल ही में मुख्यमंत्री ने JSSC की अनुशंसा पर चयनित 316 सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र भी सौंपा था। वहीं करीब एक हजार अन्य चयनित अभ्यर्थियों को भी जल्द नियुक्ति पत्र देने की तैयारी चल रही है। हालांकि, फिलहाल वेतन भुगतान की प्रक्रिया पहले चरण में नियुक्त शिक्षकों के लिए शुरू की जाएगी।

लंबे इंतजार के बाद शिक्षकों को राहत

लगातार कई महीनों तक वेतन नहीं मिलने से नवनियुक्त सहायक आचार्यों और शिक्षक संगठनों में नाराजगी बढ़ रही थी। कई बार इस मुद्दे को सरकार और विभाग के सामने उठाया गया। अब मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद वेतन भुगतान का रास्ता साफ होने से शिक्षकों में राहत और खुशी का माहौल है। शिक्षकों का कहना है कि लंबे इंतजार के बाद मिलने वाला वेतन उन्हें आर्थिक मजबूती देगा और वे बेहतर तरीके से विद्यार्थियों की पढ़ाई पर ध्यान दे सकेंगे।

Share this news

संबंधित खबरें