Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर: मानगो नगर निगम क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर मंगलवार को मेयर सुधा गुप्ता और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन से मुलाकात की। बैठक में मानगो को सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक शहरी क्षेत्र के रूप में विकसित करने को लेकर कई अहम बिंदुओं पर चर्चा हुई।
चौक-चौराहों पर लगेंगे CCTV कैमरे
बैठक में ‘सुरक्षित मानगो अभियान’ के तहत मानगो के विभिन्न चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और आधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम विकसित करने पर सहमति बनी। इसका उद्देश्य अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना बताया गया। इसके अलावा मानगो चौक से डिमना चौक तक मुख्य सड़कों पर नाली निर्माण और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई, ताकि जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
यह भी पढ़ें: झारखंड में पेट्रोल-डीजल की कीमतों ने पार किया 100 का आंकड़ा, रांची में नया रिकॉर्ड
पार्कों के सौंदर्यीकरण और ओपन जिम की योजना
‘ग्रीन मानगो’ अभियान के तहत पृथ्वी पार्क और नेचर पार्क के सौंदर्यीकरण के साथ वहां ओपन जिम स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया। यह कार्य टाटा स्टील के सहयोग से किया जाएगा। बैठक में डिमना चौक के आगे प्रस्तावित वेंडर जोन निर्माण में सहयोग देने पर भी सहमति बनी। इससे छोटे दुकानदारों को व्यवस्थित जगह मिलने के साथ ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई गई।
MGM अस्पताल के पास बनेगा पार्क
एमजीएम अस्पताल के समीप खाली पड़ी जमीन पर पार्क निर्माण और सौंदर्यीकरण की योजना पर भी चर्चा हुई। वहीं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से टाटा स्टील सहयोग के सहयोग से रोजगारोन्मुखी योजनाएं चलाने पर सहमति बनी। इसके अलावा कांग्रेस कार्यालय निर्माण में आ रही तकनीकी बाधाओं को दूर करने, मानगो छोटा पुल की मरम्मत तथा एमजीएम चौक से गोकुल नगर और डिमना के तटीय क्षेत्रों में सड़क, नाली और सौंदर्यीकरण कार्य कराने पर भी विचार-विमर्श हुआ। मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि टाटा स्टील का सहयोग मानगो को व्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वहीं बन्ना गुप्ता ने उम्मीद जताई कि सभी योजनाएं जल्द धरातल पर उतरेंगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।