Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा: झारखंड के जामताड़ा प्रखंड स्थित आदिवासी बहुल डेराडीह गांव में भीषण जल संकट ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। हालात ऐसे हैं कि लोग पीने के लिए साफ पानी तक को तरस रहे हैं और मजबूरी में डोभा का दूषित पानी इस्तेमाल कर रहे हैं। यह गांव राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के विधानसभा क्षेत्र में आता है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लगाया गया सोलर जलमीनार वर्षों से बंद पड़ा है और केवल शोपीस बनकर रह गया है। गांव में मौजूद चार चापाकलों में से दो पूरी तरह खराब हैं, जबकि बाकी दो से भी बेहद कम पानी निकल रहा है।
40 डिग्री गर्मी में पानी के लिए संघर्ष
भीषण गर्मी के बीच गांव की महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। महिलाएं छोटे बच्चों को साथ लेकर खेतों और डोभा के पास जाती हैं, जहां जमीन खोदकर पानी निकलने का इंतजार करती हैं। काफी देर बाद जमा हुए गंदे पानी को छानकर पीने और खाना बनाने में इस्तेमाल किया जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि 40 डिग्री से अधिक तापमान में पानी के लिए यह संघर्ष उनकी जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। कई महिलाओं को सुबह से घंटों लाइन में लगना पड़ता है, फिर भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता।
यह भी पढ़ें: गोविंदपुर-साहेबगंज सड़क परियोजना से प्रभावित परिवार को मुआवजा दिलाने की पहल, पाकुड़ DC को भेजा गया पत्र
पुराना टोला में भी हालात बदतर
डेराडीह गांव से सटे पुराना टोला में भी जल संकट गंभीर बना हुआ है। करीब 100 की आबादी वाले इस टोले में कई चापाकल और एक जलमीनार होने के बावजूद अधिकतर संसाधन बंद पड़े हैं। पूरे टोले के लोग केवल एक चापाकल पर निर्भर हैं, जो दोपहर तक पानी देना बंद कर देता है। ग्रामीणों के अनुसार पानी की कमी के कारण कई परिवारों को कई-कई दिनों तक स्नान तक नहीं मिल पा रहा है।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से नाराजगी
ग्रामीणों में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि वे कई बार अधिकारियों और संबंधित विभागों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब ग्रामीणों ने अपनी समस्या को सामने लाने के लिए मीडिया का सहारा लिया है। उनका कहना है कि अगर सरकार और प्रशासन तक उनकी आवाज पहुंचेगी, तभी इस गंभीर जल संकट से राहत मिलने की उम्मीद है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।