Samachar Post रिपोर्टर, पलामू :पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के लोहरा गांव से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी ही बेटी की टांगी से काटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि बेटी के प्रेम संबंध से नाराज पिता ने देर रात इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है। आरोपी पिता हत्या के बाद से फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
मोबाइल में फोटो देखने के बाद बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, लोहरा गांव निवासी अगस्त कुमार अपनी बेटी अंजली के प्रेम संबंध को लेकर काफी नाराज चल रहे थे। ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ दिन पहले उन्होंने बेटी को मोबाइल पर बात करते देखा था। इसी दौरान मोबाइल में कुछ तस्वीरें भी देखी गई थीं, जिसके बाद पिता और बेटी के बीच तनाव बढ़ गया था। परिवार के लोग भी इस बात को लेकर चिंतित बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें :पोटका की तिरिंग घाटी बनेगी नया पर्यटन स्थल, स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार
देर रात सो रही बेटी पर किया हमला
बताया जा रहा है कि रविवार देर रात अंजली अपने कमरे में सो रही थी। उसी दौरान उसका पिता कमरे में पहुंचा और टांगी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना खतरनाक था कि अंजली की मौके पर ही मौत हो गई। घर में मौजूद मां और भाई चीख-पुकार सुनकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। वारदात के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया। सुबह होते ही गांव में घटना की खबर फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतका के घर के बाहर जमा हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार सामान्य था, लेकिन बेटी के प्रेम संबंध को लेकर घर में विवाद चल रहा था। लोगों ने बताया कि किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि मामला इतनी बड़ी घटना तक पहुंच जाएगा। घटना के बाद गांव की महिलाओं और युवतियों में भी डर का माहौल है।
पुलिस ने बरामद की हत्या में इस्तेमाल टांगी
घटना की सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल टांगी भी बरामद कर ली है। लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ऑनर किलिंग का प्रतीत हो रहा है। आरोपी पिता की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।
Reporter | Samachar Post