Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर : जमशेदपुर के पोटका विधानसभा क्षेत्र स्थित तिरिंग घाटी काली मंदिर क्षेत्र को जल्द पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। हाता-तिरिंग मेन रोड पर उड़ीसा सीमा के पास स्थित इस क्षेत्र का रविवार को पोटका विधायक संजीव सरदार ने निरीक्षण कर पर्यटन की संभावनाओं का जायजा लिया। घने जंगलों और प्राकृतिक सौंदर्य से घिरे इस इलाके को आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि तिरिंग घाटी प्राकृतिक खूबसूरती से भरपूर है और यहां हर साल झारखंड और उड़ीसा से बड़ी संख्या में लोग घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही इस संबंध में वन विभाग को प्रस्ताव भेजा जाएगा, ताकि क्षेत्र का योजनाबद्ध विकास किया जा सके। विधायक ने कहा कि यह क्षेत्र दोनों राज्यों के लोगों के सामाजिक और पारिवारिक संबंधों से भी जुड़ा हुआ है, इसलिए यहां पर्यटन सुविधाएं विकसित होने से लोगों को बेहतर माहौल मिलेगा।
यह भी पढ़ें: रांची में डॉक्टर पर युवती से छेड़छाड़ का आरोप, इलाज के दौरान अश्लील हरकत करने का मामला दर्ज
पर्यटन से बढ़ेगा रोजगार और व्यवसाय
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि झारखंड और उड़ीसा की सीमा पर स्थित होने के कारण यह क्षेत्र दोनों राज्यों के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकता है। यहां पर्यटन गतिविधियां बढ़ने से स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि छोटे दुकानदारों, स्थानीय हस्तशिल्प, खानपान और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। सरकार का उद्देश्य केवल पर्यटन को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि सीमावर्ती गांवों की स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना भी है।
पिकनिक स्पॉट और सुविधाओं का होगा विकास
प्रस्तावित पर्यटन स्थल में बच्चों के खेलने की व्यवस्था, पिकनिक स्पॉट, बैठने की सुविधा और प्राकृतिक वातावरण के अनुरूप अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। विधायक ने कहा कि सरकार ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों में भी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि तिरिंग घाटी को ऐसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां लोग परिवार के साथ सुरक्षित और बेहतर माहौल में समय बिता सकें। विधायक के निरीक्षण के बाद स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं में उत्साह देखने को मिला। लोगों का कहना है कि पर्यटन स्थल विकसित होने से क्षेत्र की पहचान बढ़ेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। ग्रामीणों ने विधायक की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।