Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :धनबाद के बीसीसीएल कतरास क्षेत्र स्थित अंगारपथरा कोलियरी के डेंजर जोन कांटा पहाड़ी इलाके में भू-धंसान की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। गुरुवार रात शुरू हुई जमीन धंसने की घटना शुक्रवार तक और गंभीर हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक अचानक तेज आवाज के साथ जमीन में दरारें पड़नी शुरू हुईं, जो सुबह तक काफी चौड़ी हो गईं। सड़क के अलावा कई घरों की दीवारों और फर्श में भी बड़ी दरारें आ गईं। डर के कारण कई परिवारों ने पूरी रात जागकर बिताई।
यह भी पढ़ें :गढ़वा में बिरसा हरित ग्राम योजना से किसानों की बढ़ी आमदनी, आम बागवानी बनी सहारा
करीब 100 घर प्रभावित, लोगों में डर
ग्रामीणों का कहना है कि कई घरों के आंगन, दीवार और फर्श तक में दरारें फैल गई हैं। प्रभावित परिवारों में राजेश पंडित, राजकुमार पासवान, गायत्री देवी, संगीत देवी, रंजीत सिंह, लखन सिंह और कुंती देवी समेत कई लोग शामिल हैं। करीब 100 घरों और लगभग 500 की आबादी वाले इस इलाके में दहशत का माहौल है। कई परिवारों ने एहतियातन अपना सामान सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट करना शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों ने इस भू-धंसान के लिए बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध कोयला खनन को जिम्मेदार ठहराया है। ग्रामीणों ने बीसीसीएल प्रबंधन और प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से अवैध माइनिंग चल रही है, लेकिन इस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। लगातार खनन के कारण जमीन अंदर से कमजोर होती जा रही है।
अधिकारियों का विरोध, सड़क जाम की चेतावनी
घटना की सूचना मिलते ही बीसीसीएल अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों ने उनका घेराव कर विरोध जताया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर अवैध खनन बंद नहीं किया गया और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था नहीं हुई, तो वे कतरास-धनबाद मुख्य मार्ग को अनिश्चितकाल के लिए जाम करेंगे।
राहत और भराई का काम शुरू
घटना के करीब 18 घंटे बाद बीसीसीएल की टीम हाईवा और जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची। सीआईएसएफ और पुलिस की मौजूदगी में दरारों और अवैध खनन वाले स्थानों की भराई शुरू की गई। बीसीसीएल का कहना है कि कांटा पहाड़ी क्षेत्र पहले से ही डेंजर जोन घोषित है। कई बार नोटिस देने के बावजूद लोग इलाका खाली नहीं कर रहे हैं। कंपनी के अनुसार सर्वे विभाग को प्रभावित परिवारों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया है और जल्द ही पुनर्वास प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
Reporter | Samachar Post