Samachar Post रिपोर्टर, देवघर: देवघर जिले के चितरा थाना क्षेत्र स्थित तिलैया बावरी पाड़ा गांव में बुधवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक 12 वर्षीय बच्चे और तीन मवेशियों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान अंकित बावरी (12) के रूप में हुई है, जो मिलन बावरी का पुत्र था और छठी कक्षा में पढ़ाई करता था।
घर के भीतर था बच्चा, तभी गिर गई बिजली
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम इलाके में तेज बारिश हो रही थी। बारिश के दौरान अंकित अपने घर के अंदर मौजूद था। इसी बीच अचानक तेज गड़गड़ाहट के साथ घर पर वज्रपात हो गया। बिजली गिरने का असर इतना तेज था कि अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घर में बंधे दो बैल और एक बकरे की भी जान चली गई। घटना की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। बच्चे की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें: जनगणना मैपिंग में गड़बड़ी का आरोप, नवाडीह के ग्रामीणों ने प्रखंड मुख्यालय पर किया प्रदर्शन
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने के बाद चितरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे तथा पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।