गुमला में दर्दनाक सड़क हादसा, पेड़ से टकराई बाइक; 3 युवकों की मौत

Rupa Kumari | May 21, 2026 | 01:55 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गुमला: गुमला जिले में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा चैनपुर थाना क्षेत्र के डढ़गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित आम के पेड़ से जा टकराई। मृतकों की पहचान उजड़ा गांव निवासी अक्षय केरकेट्टा (19), आर्यन टोप्पो (18) और संजीत केरकेट्टा (18) के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

परिजनों के अनुसार तीनों युवक बाइक से एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात चैनपुर से घर लौटने के दौरान डढ़गांव के पास बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था।

यह भी पढ़ें: गढ़वा में ससुराल गए युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

पढ़ाई में होनहार था अक्षय

मृतक अक्षय केरकेट्टा ने वर्ष 2026 में संत अन्ना विद्यालय से इंटर प्रथम श्रेणी में पास किया था। वहीं आर्यन टोप्पो संत पैट्रिक स्कूल में 11वीं का छात्र था। संजीत केरकेट्टा ने 10वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। तीनों युवकों की असमय मौत से परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें