Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : जमशेदपुर में निर्माणाधीन मानगो फ्लाइओवर परियोजना का करीब 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। मानगो और साकची के बीच बन रहे इस महत्वपूर्ण फ्लाइओवर को अगस्त 2026 तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना पूरी होने के बाद शहरवासियों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
2.8 किलोमीटर लंबे फ्लाइओवर पर तेजी से काम
पथ प्रमंडल जमशेदपुर के अनुसार, डिमना रोड से साकची तक बन रहे 2.8 किलोमीटर लंबे फ्लाइओवर का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है। हालांकि साकची से मानगो स्थित पायल सिनेमा की ओर जाने वाले हिस्से में कुछ देरी की संभावना जताई जा रही है। निर्माण एजेंसी के मुताबिक, इस हिस्से में गार्डर लगाने का काफी काम अभी बाकी है। इसके बावजूद तय समयसीमा को पूरा करने के लिए दिन-रात निर्माण कार्य किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: पाकुड़ में भीख मांगने के बहाने चोरी का आरोप, महिला और किशोरी पुलिस हिरासत में
डीसी राजीव रंजन ने किया निरीक्षण
राजीव रंजन ने मंगलवार को मानगो ओवरब्रिज परियोजना का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि यह परियोजना शहर की यातायात व्यवस्था के लिए बेहद अहम है और इसके शुरू होने से मानगो-साकची मार्ग पर लगने वाले जाम में काफी कमी आएगी।
गुणवत्ता और सुरक्षा पर जोर
निरीक्षण के दौरान डीसी ने निर्माण कार्य की प्रगति, तकनीकी पहलुओं और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी भी ली। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। निरीक्षण के दौरान धालभूम एसडीएम अर्नव मिश्रा, कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय, डीटीओ धनंजय और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।